Chamba News: सरकारी पार्किंग में ही काट दी 100 रुपए की पर्ची, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 09:05 PM (IST)
डल्हौजी (शमशेर): पर्यटन नगरी डल्हौजी में पर्यटकों के साथ पार्किंग के नाम पर लूट का मामला सामने आया है। एसडीएम कार्यालय डल्हौजी के बाहर सरकारी पार्किंग में ही पर्यटक की पार्किंग की पर्ची काट दी गई। पार्किंग के निजी ठेकेदार के कर्मचारी ने दवाई लेने आए पंजाबी पर्यटक की 100 रुपए की पर्ची सरकारी पार्किंग में गाड़ी लगाने पर काट दी, जबकि यह पार्किंग निःशुल्क है। इतना ही नहीं, पर्यटक के अनुसार पर्ची काटने वाले कर्मचारी ने उनके साथ कथित रूप से बदतमीजी भी की।
कपूरथला (पंजाब) से आए पर्यटक हरनीत सिंह ने बताया कि वह दवाई लेने नागरिक अस्पताल डल्हौजी गए थे और मात्र 10 मिनट गाड़ी खड़ी की और उनसे 100 रुपए ले लिए। गौरतलब है कि जहां पार्किंग की पर्ची काटी गई, वह पार्किंग एसडीएम कार्यालय, तहसील, सिविल अस्पताल, बचत भवन और सरकारी बैंक में आने वाले लोगों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क है। वहीं डल्हौजी के एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि सरकारी पार्किंग में पर्ची काटना पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

