Una: साढ़े 3 साल बाद सऊदी अरब से घर लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ कुछ ऐसा कि पहुंच गया अस्पताल
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 04:40 PM (IST)
ऊना (विशाल): सऊदी अरब से करीब साढ़े तीन साल बाद अपने घर लौट रहे ऊना जिले के फतेहपुर निवासी एक युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट का शिकार बना लिया गया। पीड़ित युवक सतनाम सिंह नंगल में बेहोशी की हालत में मिला है, जिसे परिजनों ने गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया है। युवक का पासपोर्ट, बैग और अन्य जरूरी सामान गायब है।
दिल्ली से बस में किया था सफर, रास्ते में हुआ शिकार
जानकारी के अनुसार फतेहपुर का रहने वाला सतनाम सिंह पिछले करीब साढ़े 3 वर्षों से सऊदी अरब में ऑप्रेटर के पद पर कार्यरत था। वीरवार शाम करीब 7:30 बजे वह फ्लाइट से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। इसके बाद उसने अपने घर लौटने के लिए बस ली। बताया जा रहा है कि दिल्ली से नंगल के बीच सफर के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे धोखे से कोई नशीला पदार्थ पिला दिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अपनी सीट पर ही बेसुध हो गया।
अन्य यात्रियों ने दी कंडक्टर को सूचना, नंगल पहुंचे परिजन
बस में युवक की गंभीर हालत देखकर सह-यात्रियों ने तुरंत बस कंडक्टर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद किसी तरह युवक के परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया गया। खबर मिलते ही घबराए परिजन तुरंत नंगल पहुंचे और बेहोशी की हालत में सतनाम को लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना आए। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पूरी तरह होश में आने पर होगा नुक्सान का खुलासा
परिजनों ने बताया कि सतनाम के पास मौजूद उसका बैग, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण सामान गायब है, जिससे साफ है कि बेहोश करने के बाद उसे लूटा गया है। युवक की पत्नी प्रवीण कुमारी ने बताया कि सतनाम अभी पूरी तरह से होश में नहीं आया है। उसके पूरी तरह होश में आने और बयान देने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसका कितना सामान और कितनी नकदी लूटी गई है।
विधायक सत्ती ने जाना हाल, पुलिस से की जांच की मांग
इस घटना की जानकारी मिलते ही ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचे। उन्होंने पीड़ित युवक और उसके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना। विधायक सत्ती ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से युवक की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले को पूरी गंभीरता से लेने और गहन जांच कर आरोपियों का पता लगाने का आग्रह किया है।

