बागी नेता दयाल प्यारी ने अब थामा कांग्रेस का दामन

punjabkesari.in Thursday, Apr 01, 2021 - 03:23 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश भाजपा की बागी नेता सिरमौर जिले में पच्छाद से उपचुनाव लड़ने वाली दयाल प्यारी ने अब कांग्रेस का दामन थाम लिया है। नई दिल्ली में पूर्व भाजपा नेत्री दयाल प्यारी कांग्रेस में शामिल हो गई है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला और चंडीगढ़ से पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पवन बंसल ने उन्हें सदस्यता दिलाई है। दयाल प्यारी सिरमौर जिले के पच्छाद की डीलमन पंचायत के कुजी गांव की रहने वाली हैं। वह लगातार तीन बार जिला परिषद की सदस्य रह चुकी हैं। दयाल प्यारी जब हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब सिरमौर जिला परिषद की चेयररपर्सन भी रही थीं। 

सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र को लेकर हुए उपचुनाव-2019 में दयाल प्यारी के भाजपा प्रत्याशी होने की प्रबल संभावना थी, लेकिन बाद में भाजपा ने उनके बजाय रीना कश्यप को टिकट दिया था। फिर दयाल प्यारी बागी हो गई थी और उन्होंने आजाद चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह चुनाव जीत नहीं पाई थी, लेकिन वोट हासिल करने के मामले में तीसरे नंबर पर रही थी, बाद में भाजपा ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले भी दयाल प्यारी चर्चा में रही थी। दरअसल, हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर का सिरमौर में एक कार्यक्रम था। कार्यक्रम के दौरान दयाल प्यारी के अलावा कुछ अन्य भाजपा नेता भी मंच पर मौजूद थे। इस दौरान एक भाजपा नेता ने उनके धक्का मारते हुए दूसरी तरफ धकेल दिया। इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हुआ था। इसके बाद दयाल प्यारी ने एससी-एसटी एक्ट के तहत भाजपा नेता के खिलाफ मामला भी दर्ज करवाया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Related News