Shimla: हिंदुओं को लेकर कांग्रेस सरकार की नीयत कुछ ठीक नहीं : जयराम
punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 09:15 PM (IST)

शिमला (हैडली): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश तथा कांग्रेस सरकारों पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की हिंदुओं को लेकर नीयत कुछ ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री कभी हिंदू विरोधी बयान तो कभी हिंदुओं के खिलाफ कोई न कोई योजना लेकर आते हैं। अब सुक्खू सरकार ने हिंदुओं की धार्मिक यात्रा पर ही शुल्क लगा दिया है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि चूड़धार की यात्रा करने वाले हिंदू धर्मावलंबियों से सरकार शुल्क वसूल रही है। अब शिरगुल महाराज के यहां माथा टेकने पर भी सरकार लोगों से पैसे वसूल रही है, जिसका स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अपने प्रदेश के अंदर ही धार्मिक यात्रा पर लोगों से शुल्क वसूल करना कांग्रेस सरकार की मंशा को साफ दिखाता है। सुख की सरकार को शुल्क लगाने की लत लग गई है। अब तो सरकार नवजातों के जन्म प्रमाण पत्र में सुधार करने के लिए भी 5 गुना पैसा वसूल रही है। सरकार द्वारा श्रद्धालुओं से चूड़धार की यात्रा पर शुल्क लगाना शर्मनाक है और उसकी की हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने के बाद देश भर में घूम-घूम कर मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह 97 प्रतिशत हिंदुत्व की विचारधारा को हराकर आए हैं। शायद इसीलिए वह हिंदुओं की धार्मिक यात्रा पर शुल्क लगा रहे हैं।
अपनी गारंटियों को भूल गए कांग्रेस नेता
मुख्यमंत्री यह भूल गए हैं कि वह हिंदुत्व को हराकर नहीं 10 गारंटियों के झूठ के नाम पर सत्ता में आए हैं जिनका मुख्यमंत्री और उनकी सरकार अब जिक्र करने से भी घबराती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस के नेता और मुख्यमंत्री सब भूल गए हैं और सिर्फ प्रदेश वासियों पर तरह-तरह के टैक्स लगा रहे हैं। प्रदेश के लोगों ने सुक्खू सरकार को टैक्स वसूलने और विकास की रफ्तार को उल्टा मोड़ने के लिए सत्ता नहीं सौंपी थी। रोजगार और विकास के लिए जनादेश दिया था। ऐसे में सरकार को अपनी चुनावी गारंटियों और घोषणा पत्र पर ध्यान देना चाहिए।