12 बैठकें कर हिमाचल कांग्रेस की नब्ज टटोलेंगी रजनी पाटिल

punjabkesari.in Friday, Jun 08, 2018 - 11:57 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल के शिमला दौरे को लेकर पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में सरगर्मियां बढ़ गई हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां रोजाना पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अमलीजामा पहनाने में जुटे हुए हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पाटिल 3 दिनों में 12 बैठकें कर राज्य कांग्रेस की नब्ज टटोलेंगी। यह बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन और राज्यतिथि गृह पीटरहॉफ में होगी। प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर के नेताओं से वह अलग-अलग बैठक करेंंगी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों और पूर्व विधायकों से भी वह अलग-अलग बैठक कर फीडबैक लेंगी।


गुटबाजी से निपटना होगी चुनौती
रजनी पाटिल कांग्रेस नेताओं को जहां एकजुटता का पाठ पढ़ाएंगी, वहीं धड़ों में बंटी प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी से निपटना उनके लिए चुनौती से कम नहीं होगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार रजनी पाटिल 11 जून को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित राज्य कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक करेंगी। यह बैठक करीब 3 घंटे तक चलेगी। उसके बाद प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिला अध्यक्षों के साथ अलग से बैठक होगी। इसके बाद वह पी.सी.सी. के सभी पदाधिकारियों के साथ लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनाएगी। उक्त बैठक के बाद वह प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रवक्ताओं के साथ बैठक करेंगी।


12 को रहेगा यह शैड्यूल
रजनी पाटिल 12 जून को पी.सी.सी. के पूर्व अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। उसके बाद वह पार्टी के बीते विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के साथ बैठक करेंगी। इसमें उनकी हार के पीछे कारणों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। रजनी पाटिल उसी दिन कांग्रेस के पूर्व विधायकों से भी बैठक करेंगी। इसके साथ ही वह महिला कांग्रेस की टीम में जोश भरेंगी। उसी दिन प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगी।


अंतिम दिन सोशल मीडिया टीम के साथ मंथन
शिमला प्रवास के अंतिम दिन 13 जून को रजनी पाटिल पी.सी.सी. की सोशल मीडिया टीम के साथ मंथन करेंगी। इसके बाद वह वापस दिल्ली रवाना होगी जाएंगी। यह पहला अवसर है कि जब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संगठन के सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करने जा रही हैं। हालांकि पूर्व में भी कई प्रभारी रह चुके हैं, लेकिन 3 दिनों में 12 बैठक किए जाने का शैड्यूल पहली बार सामने आया है। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी ब्लॉक से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगी। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां को अमलीजामा पहना दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News