Himachal: कांगड़ा से बैजनाथ-पपरोला रेल मार्ग पर कल से बहाल होगी रेल सेवा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2024 - 05:44 PM (IST)

बैजनाथ (विकास बावा): पिछले काफी अर्से से बंद पड़ी कांगड़ा घाटी के रेलवे ट्रैक पर अगले वीरवार कांगड़ा से बैजनाथ पपरोला तक रेलगाड़ी चलेगी। हालांकि नूरपुर से गुलेर और बैजनाथ-पपरोला से जोगिंदरनगर तक के यात्रियों को रेल के सफर के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल इस रेल मार्ग पर दो जोड़ी रेलगाड़ी चलाई जाएगी और उसके बाद सभी गाड़ियां बहाल करने की योजना है। रेलवे मंडल फिरोजपुर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने यहां जारी एक बयान में बताया कि कांगड़ा घाटी के इस नैरोगेज मार्ग पर रेल संपर्क उपलब्ध कराती है। 

मानसून में जुलाई महीने में अत्यधिक वर्षा होने के कारण अनेक जगहों पर पहाड़ी खिसकने से चट्टानें ट्रैक पर गिर गईं थीं और कुछ स्थानों पर ट्रैक के किनारे धंस गए थे। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु 6 जुलाई, 2024 को सैक्शन को ट्रेन संचालन के लिए बंद कर दिया गया था। रेल मार्ग की मुरम्मत के बाद 26 सितम्बर से पुनः बैजनाथ पपरोला-कांगड़ा के बीच रेल सेवा को बहाल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों राज्यसभा सांसद ने इस रेल मार्ग पर रेल गाड़ियों की बहाली संबंधी मुद्दा उठाया गया था, जिसके चलते रेल मंडल फिरोजपुर के प्रबंधक संजय साहू ने रेलवे ट्रैक का तकनीकी निरीक्षण किया था तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को रेलमार्ग पर रेल बहाली बारे आदेश दिए थे।

बैजनाथ पपरोला-कांगड़ा के बीच रेलगाड़ी संख्या 04700 बैजनाथ पपरोला से सुबह 6:30 बजे चलकर सुबह 08:45 बजे कांगड़ा पहुंचेगी और वापसी में रेलगाड़ी संख्या 04699 कांगड़ा से सुबह 9:30 बजे चलकर दोपहर 12:00 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 04686 बैजनाथ पपरोला से दोपहर 3 बजे चलकर शाम 5:10 बजे कांगड़ा पहुंचेगी और वापसी में रेलगाड़ी संख्या 04685 कांगड़ा से शाम 6 बजे चलकर रात्रि 08:20 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचेगी। ये रेलगाड़ियां मझैरना हिमाचल, पंचरुखी, पट्टी राजपुरा, पालमपुर हिमाचल, सुलह हिमाचल, परौर, चामुंडा मार्ग, नगरोटा, समलोटी तथा कांगड़ा मंदिर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेंगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News