Kangra: बस को पास देते समय खाई में गिरा मिक्सचर ट्रक, चालक घायल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 09:45 PM (IST)
रैहन (दुर्गेश कटोच): मकड़ोली-झंगराड़ा सड़क के निर्माण कार्य के दौरान बुधवार शाम मकड़ोली में उस समय हादसा हो गया, जब सामने से आ रही बस को पास देने के प्रयास में निर्माण कार्य में लगा मिक्सचर ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए ले जाया गया। उपचार के बाद चालक की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार निर्भय कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से मकडोली-झंगराड़ा सड़क पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। बुधवार शाम निर्माण कार्य में लगाया गया मिक्सचर ट्रक कार्यस्थल के समीप मौजूद था। इसी दौरान सामने से एक बस आ गई। बस को रास्ता देने के प्रयास में चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे किया, लेकिन इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए ले जाया गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं। निर्भय कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉर्डिनेटर राहुल त्रिपाठी ने बताया कि बस को पास देते समय मिक्सचर ट्रक सड़क से नीचे खाई में गिर गया था। चालक को हल्की चोटें आई थीं, जिसका उपचार करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि चालक की हालत सामान्य है।

