Kangra: तंग बाजार में आधी रात को कार बनी आग का गोला, फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा हादसा

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 01:18 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा शहर में गुप्त गंगा रोड पर बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार में अचानक भयंकर आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कार चालक समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा और जनहानि होने से टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त गंगा रोड पर गुरुद्वारा के पास जहां यह घटना हुई, वहां की सड़क काफी तंग है। सड़क के दोनों ओर व्यावसायिक दुकानें और रिहायशी मकान स्थित हैं। आधी रात को जब कार में आग लगी और शोर-शराबा हुआ तो आसपास के लोग गहरी नींद से जाग गए। घबराए हुए लोग जब घरों से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि बीच सड़क पर एक कार धू-धू कर जल रही थी और आग की लपटें काफी तेज थीं।

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल कर्मचारियों के अनुसार उन्हें रात ठीक 11:21 बजे कार में आग लगने की कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचकर उन्हें पता चला कि कार चालक सुरक्षित है।

दमकल कर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती कार की आग को आसपास के मकानों और दुकानों तक फैलने से रोकना था, क्योंकि तंग जगह होने के कारण आग इमारतों को अपनी चपेट में ले सकती थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। दमकल विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल आसपास की संपत्तियों को जलने से बचाया गया, बल्कि इलाके के लोगों ने भी राहत की सांस ली। फिलहाल कार में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News