Kangra: रानीताल में खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार पिकअप ट्राला...उड़े परखच्चे , चालक सहित 3 लोग घायल
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 06:05 PM (IST)
ज्वालामुखी (नितेश): ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के निकट रानीताल के बणे दी हट्टी में फोरलेन पर शनिवार को भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। इस हादसे में पिकअप में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फोरलेन के किनारे एक ट्रक (HP 67-3506) खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप ट्राले (HP 23E-4911) के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में घायल तीनों व्यक्तियों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रैस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से एक व्यक्ति की बाजू में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और घायलों के बयान दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने फोरलेन पर वाहनों की बढ़ती रफ्तार को लेकर गहरी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि फोरलेन बनने के बाद वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि इस मार्ग पर जल्द से जल्द स्पीड कैमरे स्थापित किए जाएं, साथ ही ओवरस्पीडिंग पर अंकुश लगाने और गति को नियंत्रित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के जानलेवा हादसों को रोका जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

