Kangra: चालक को आई नींद की झपकी! रानीताल-मुबारिकपुर हाईवे पर पलटा बीयर की पेटियों से लदा ट्रक

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 12:10 PM (IST)

देहरा (सेठी): राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानीताल-मुबारिकपुर के बीच देहरा में ब्यास नदी पुल के समीप गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। यहां बीयर से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जब ट्रक ब्यास पुल के समीप पहुंचा तो अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया। हाईवे पर ट्रक पलटने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने सबसे पहले यह सुनिश्चित किया कि हादसे में कोई घायल तो नहीं है।

हादसे के वास्तविक कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि सुबह के समय चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक के बयान और जांच के बाद ही हादसे के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

हादसे के कारण नैशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाईवे से हटाने और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारू बनाने के प्रयास में जुटी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News