कोटला कलां में निकाली शोभायात्रा, भगवा रंग में रंगा ऊना
punjabkesari.in Monday, Feb 05, 2024 - 10:29 PM (IST)
ऊना (सुरेन्द्र): जिला मुख्यालय ऊना में सोमवार को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। संत बाबा बाल जी की अगुवाई में ऐतिहासिक शोभायात्रा ने सड़कों को भगवा रंग में रंग दिया। इस विविधता के रंगीन उत्सव ने ऊना शहर को दिव्य भूमि और देवभूमि में परिवर्तित कर दिया। सुबह करीब साढ़े 9 बजे से श्री राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां में शुरू हुआ धार्मिक उत्सव देर रात्रि तक जारी रहा। करीब 11 बजे शोभायात्रा आरंभ हुई तो इसमें कई राज्यों के श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति की मिसाल पेश की।
संत बाल जी की अगुवाई में शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के साथ-साथ बैंड बाजों की धार्मिक भजनों पर धुनें, रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे धजे बच्चे, नाचते हुए श्रद्धालुओं के जत्थे तो जगह-जगह पुष्पवर्षा इस शोभायात्रा में नजर आई। भक्तों के लिए जगह-जगह पर छबीलें और भंडारे लगे हुए थे। प्रभु गुणगान करती महिला श्रद्धालुओं की टोली ने भक्ति का अनोखा मंजर पेश किया। पूरा शहर दिन भर भक्ति के रस में डूबा हुआ नजर आया। मानों सड़कें जाम हो गई हों और यह ऊना नहीं मथुरा-वृंदावन नगरी हो।
आध्यात्मिक दर्शन करवाते हुए चली शोभायात्रा का आनंद लेने के लिए जिला भर से विशेष गाड़ियों के जरिए लोग ऊना पहुंचे थे। पुलिस को ट्रैफिक व्यवस्था करने में भी काफी समय लगा। शोभायात्रा कोटला कलां से चलकर पूरे शहर की परिक्रमा करते हुए रामलीला ग्राऊंड में पहुंची। यहां संत बाल जी के भजन व प्रवचन हुए जिसमें श्रद्धालु खूब नाचे। अनेक संस्थाओं ने सनातन की रक्षा, प्रचार व प्रसार तथा लोगों को भक्ति के मार्ग पर ले जाने के लिए संत बाल जी को विशेष रूप से संत शिरोमणि के रूप में सम्मानित किया।
शोभायात्रा का आरंभ श्री राधा-कृष्ण मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण जी की पालकी उठाकर हुआ। संत बाबा बाल जी महाराज, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुटलैहड़ के विधायक देवेन्द्र भुट्टो व माध्वानंद ने शुभारंभ किया। यात्रा में पालकी चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, कांग्रेस के नेता विवेक शर्मा विक्कू व विवेक मिंका आदि ने उठाई।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here