समरहिल के शिव बावड़ी मंदिर हादसे में परिवार के 7 सदस्य खोने वाली बेटी से मिलीं प्रियंका वाड्रा
punjabkesari.in Wednesday, Sep 27, 2023 - 05:59 PM (IST)
 
            
            शिमला (राक्टा): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को शिव बावड़ी मंदिर हादसे में परिवार के 7 सदस्य खोने वाली पीड़ित बेटी से मिलने समरहिल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मृतक पवन शर्मा की बेटी नीतिका शर्मा और दामाद को ढांढसा बंधाया, साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए गहरा शोक प्रकट किया। प्रियंका वाड्रा के इस कार्यक्रम की स्थानीय कांग्रेस नेताओं तक को भी भनक नहीं लगी। सुबह साढ़े 9 बजे के करीब प्रियंका वाड्रा का काफिला छराबड़ा से सीधा पीड़ित परिवार के समरहिल स्थित एमआई रूम पहुंचा और करीब 40 से 45 मिनट तक वहां रुकने के बाद प्रियंका वाड्रा वापस अपने आवास पहुंचीं।
13 सितम्बर को समरहिल आईं थीं प्रियंका
इससे पहले प्रियंका वाड्रा बीते 13 सितम्बर को भी समरहिल के शिव बावड़ी मंदिर पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने दोबारा प्रभावित पीड़ित परिवार से मिलने आने की बात कही थी। सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा निजी दौरे पर बीते मंगलवार को शिमला पहुंची थीं, ऐसे में पुलिस व अन्य सुरक्षा एजैंसियां भी अलर्ट हैं और छराबड़ा व कुफरी के आसपास सुरक्षा पहरा बढ़ा दिया गया है। 
शिव बावड़ी मंदिर हादसे में 20 लोगों ने गंवाई थी जान
समरहिल शिव बावड़ी मंदिर में पवन शर्मा के परिवार के 7 सदस्यों सहित 20 लोग भूस्खलन की चपेट में आए थे। इस हादसे में पवन शर्मा, उनकी पत्नी, बेटा-बहू और 2 पोतियों की मौत हो गई थी। इकलौती बेटी नीतिका है, जो लुधियाना में ब्याही हुई है। इन दिनों वह शिमला आई हुई है। 
घर पर ही रहीं सोनिया गांधी 
सोनिया गांधी बुधवार को छराबड़ा स्थित आशियाने में ही रहीं। प्रियंका वाड्रा के कंडाघाट स्थित रामलोक मंदिर जाने का कार्यक्रम भी बताया जा रहा है। पहले माना जा रहा था कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शिमला आ सकते हैं, लेकिन अभी तक उनके दौरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


 
                     
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                            