भगवान के घर दिनदहाड़े डाका! शिव मंदिर का दानपात्र तोड़ रहे थे चोर, तभी आ गए लोग और फिर...
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 03:44 PM (IST)
मानपुरा (बस्सी): बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र के तहत झाड़माजरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में बने शिव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि, स्थानीय लोगों की जागरूकता और तत्परता के चलते चोर मौके से भागने में नाकाम रहे। लोगों ने चोरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिन के समय चोरों ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया और शिव मंदिर में रखी दानपात्र को तोड़ दिया। चोरों ने दानपात्र से नकदी निकाल भी ली थी, लेकिन इसी बीच वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ गई। लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए चोरों को चारों तरफ से घेर लिया और उन्हें भागने का कोई मौका नहीं दिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
प्राचीन हनुमान मंदिर सेवा दल के प्रधान हरवंश ठाकुर और उपप्रधान रमेश ने इस घटना की पुष्टि करते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को निशाना बनाया गया है, इससे पहले भी मंदिर परिसर में कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। मंदिर कमेटी ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की अपील की है।
स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले पर डीएसपी योगराज चंदेल ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

