बेटे-बहू से मिलने पति संग शिमला गई थी पूर्व प्रधान, पीछे से घर में हो गई बड़ी वारदात; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 05:39 PM (IST)
अर्की/सोलन (सुरेंद्र): सोलन जिला के उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत दधोगी के कड़याह गांव में चोरों ने पूर्व पंचायत प्रधान शीला देवी के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात का पता बुधवार को घर पहुंचने पर चला, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज करवाई।
बाबू राम मेहता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी शीला देवी 26 सितम्बर की शाम करीब 5 बजे घर पर ताला लगाकर शिमला में अपने बेटे-बहू के पास गए थे। बुधवार को जब घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारियों के ताले और ट्रंक के कुंडे भी टूटे हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही अर्की थाना प्रभारी हरिचंद पुलिस टीम के साथ कड़याह गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

परिवार के अनुसार चोर सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, झुमके/टॉप्स व चांदी की पायलों सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं। परिवार ने चोरी हुए सामान का विवरण पुलिस को उपलब्ध करवाया है।
वीरवार को एसपी सोलन ने डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा, फोरैंसिक टीम तथा अर्की थाना प्रभारी सहित घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सोलन ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिन्हें फोरैंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

