मां नयनादेवी का चमत्कार! मन्नत मांगते ही लौटी बेटे की आंखों की रोशनी...परिवार ने अर्पित किए चांदी के नेत्र

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 06:35 PM (IST)

नयनादेवी (मुकेश): विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में भक्तों की अटूट आस्था और चमत्कार का एक अद्भुत मामला सामने आया है। यहां होशियारपुर (पंजाब) से आई एक महिला श्रद्धालु ने दावा किया है कि माता रानी की मनौती मांगने से उसके बेटे की खोई हुई आंखों की रोशनी वापस लौट आई है। मन्नत पूरी होने के बाद शुक्रवार को यह परिवार माता का आभार व्यक्त करने और आशीर्वाद लेने के लिए श्री नयनादेवी के दरबार में पहुंचा।

3 दिन पहले गई थी रोशनी, इलाज से नहीं हुआ फायदा
जानकारी के अनुसार पंजाब के होशियारपुर जिले के जेजों क्षेत्र की रहने वाली एक महिला श्रद्धालु शुक्रवार को अपने परिवार सहित श्री नयनादेवी जी के दर्शनों के लिए पहुंची थी। महिला ने मंदिर परिसर में बताया कि अचानक 3 दिन पहले उसके बेटे की आंखों की रोशनी पूरी तरह से चली गई थी। परिवार ने कई अस्पतालों के चक्कर काटे और डॉक्टरों से हरसंभव इलाज करवाया, लेकिन बच्चे की आंखों की रोशनी वापस नहीं आई।

बेटे की आंखों की रोशनी लौटने पर चांदी के नेत्र चढ़ाने की मांगी थी मन्नत
मेडिकल इलाज से निराशा हाथ लगने के बाद, हताश मां ने सच्चे मन से माता श्री नयनादेवी के दरबार की ओर ध्यान किया। महिला ने माता रानी से मनौती मांगी कि यदि उसके बेटे की आंखों की रोशनी वापस आ जाएगी, तो वह सपरिवार माता के दरबार में दर्शन के लिए आएगी और मां के चरणों में चांदी के नेत्र अर्पित करेगी।

मन्नत पूरी होने पर सपरिवार दरबार पहुंचा परिवार
महिला श्रद्धालु के अनुसार मन्नत मांगने के कुछ समय बाद ही चमत्कारिक रूप से बच्चे की आंखों की रोशनी वापस आ गई। बेटे को दोबारा सब कुछ साफ-साफ देखते हुए पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपना वायदा और मनौती पूरी करने के लिए शुक्रवार को यह परिवार शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी के दरबार में पहुंचा। यहां उन्होंने माता की पवित्र पिंडी के दर्शन किए, चांदी के नेत्र चढ़ाए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का यह वाकया चर्चा का विषय बना रहा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News