हिमाचल में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलैंडर हुआ महंगा, जानिए कितने बढ़े दाम
punjabkesari.in Wednesday, Sep 01, 2021 - 11:20 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में महंगाई बढ़ती जा रही है। पैट्रोलियम कंपनियों ने एक बार फिर से घरेलू गैस सिलैंडर और व्यावसायिक गैस सिलैंडर के दामों में बढ़ौतरी कर दी है। घरेलू गैस सिलैंडर के दाम में इस माह भी 25 रुपए की बढ़ौतरी हुई है, वहीं व्यावसायिक गैस सिलैंडर में सबसे अधिक 75 रुपए की बढ़ौतरी हुई है। गैस एजैंसियों से मिली जानकारी के अनुसार इस माह घरेलू गैस सिलैंडर लेबर व जीएसटी लगाकर 986.75 रुपए का मिलेगा, वहीं व्यावसायिक गैस सिलैंडर के दाम 75 रुपए बढ़ाने के बाद अब 1871.60 रुपए में मिलेगा।
पैट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने के साथ पिछले कुछ महीनों से गैस के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। अगस्त माह में भी घरेलू गैस सिलैंडर के दाम में 25 रुपए की बढ़ौतरी हुई थी जबकि व्यावसायिक गैस सिलैंडर के दाम 5 रुपए कम हुए थे लेकिन सितम्बर माह में व्यावसायिक गैस सिलैंडर के दाम में भारी बढ़ौतरी की है जिससे कारोबारियों के कारोबार पर असर पड़ेगा और महंगाई बढ़ेगी। आगामी दिनों में बाजारों में गैस के दामों में भारी बढ़ौतरी होने से खाद्य वस्तुओं के दामों पर भी असर पड़ सकता है।