मास्क न पहनने वालों की आई शामत, पुलिस ने 70 लोगों के चालान काट जुटाया 35000 जुर्माना

punjabkesari.in Saturday, Jan 08, 2022 - 05:00 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : कोविड-19 की तीसरी लहर का आगाज हो चुका है। इसके बावजूद अभी भी अधिकांश लोग बिना फेस मास्क भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खुलेआम घूमते देखे जा सकते हैं। ऐसे लोगों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने भी अभियान तेज कर दिया है। ऊना पुलिस ने जिला के विभिन्न स्थानों पर बिना फेस मास्क घूमने वाले 70 लोगों के चालान किए, जिनसे 35 हजार रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने फेस मास्क ना पहनने वालों के खिलाफ अगले दिनों में भी कड़ी कार्रवाई करने के फरमान जारी कर दिए हैं। 

कोविड-19 की तीसरी लहर के आगाज की आधिकारिक घोषणा की जा चुकी है। लेकिन इसके बावजूद अभी भी सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों की तादाद अधिक देखी जा रही है। दूसरी तरफ कोविड-19 व्यवहार का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई तेज हो चुकी है। शनिवार को जिला पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर व्यापक अभियान छेड़ते हुए फेस मास्क नहीं पहनने वाले 70 लोगों के चालान करते हुए करीब 35 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह अभियान यहीं पर खत्म नहीं होगा। डीएसपी हेड क्वार्टर कुलविंदर सिंह का कहना है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की तरफ से बार-बार लोगों को फेस मास्क पहनने की हिदायतें जारी की जा रही है। इसके बावजूद अभी भी सार्वजनिक स्थलों पर अधिकतर लोग लापरवाही से घूमते हुए देखे जा सकते हैं। जिसके चलते महामारी की तीसरी लहर के और भी प्रचंड होने का खतरा गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि फेस मास्क नहीं पहनने वाले हर व्यक्ति से चालान करके 500 रुपये जुर्माना वसूल करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस द्वारा अब व्यापक स्तर पर इस अभियान को शुरू किया गया है जो आगे भी जारी रहेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Related News