भू-स्खलन की चपेट में आकर रावी नदी में गिरी पोकलेन मशीन, पलक झपकते हुई गायब

punjabkesari.in Wednesday, Jul 14, 2021 - 04:18 PM (IST)

चंबा (सुभाष महाजन): जनजातीय उपमंडल भरमौर में बारिश का दौर थमने के बाद भू-स्खलन और डंगों के धंसने का सिलसिला शुरू हो गया है। भरमौर की होली घाटी में बजोल रोड के निर्माण में जुटी एक पोकलेन मशीन भू-स्खलन की जद में आकर रावी नदी में जा गिरी। बता दें कि सोमवार को समूचे भरमौर क्षेत्र में जमकर बारिश हुई थी। इसी दौरान बजोल रोड के निर्माण में जुटी एक पोकलेन मशीन भू-स्खलन होने के कारण सड़क पर फंस गई थी। इसी दौरान भू-स्खलन में सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने के साथ ही पोकलेन मशीन पहाड़ी से लुढ़कती हुई रावी नदी में जा गिरी। नदी में जलस्तर अधिक होने के चलते मशीन पलक झपकते ही गायब हो गई।

सीमैंट से लदा ट्रक रावी में गिरने से बाल-बाल बचा

वहीं चंबा-होली मार्ग पर सीमैंट लेकर गुजर रहा एक ट्रक रावी में गिरने से बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार सीमैंट से भरा ट्रक जैसे ही ज्यूरा के पास पहुंचा ताे अचानक सड़क का डंगा धंस गया। गनीमत रही की ट्रक खाई में नहीं लुढ़का। वहीं डंगा धंसने से ट्रक सड़क पर फंस गया। इससे होली सड़क पर लंबा जाम लग गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Prashar

Related News