Una: पैट्रोल पंप पर लूट की बड़ी साजिश नाकाम, लुटेरों ने भागते समय की फायरिंग
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 03:45 PM (IST)
ऊना (सुरेन्द्र): जिला ऊना में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ऊना-नंगल हाईवे पर स्थित बहडाला पैट्रोल पंप का है, जहां देर रात अज्ञात लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। हालांकि, पैट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता और बहादुरी के चलते लुटेरे अपने मंसूबों में नाकाम रहे। इस दौरान लुटेरों ने भागते समय वहां फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 युवक पैट्रोल पंप पर पहुंचे। सभी युवकों ने अपने चेहरे मास्क से ढके हुए थे। पहले उन्होंने पैट्रोल पंप की रैकी की और फिर लूटपाट के इरादे से पंप के ऑफिस में घुसने का प्रयास किया। वहां तैनात कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और बिना घबराए लुटेरों का डटकर मुकाबला किया। कर्मचारियों के कड़े विरोध के कारण लुटेरों और कर्मियों के बीच झड़प भी हुई।
कर्मचारियों की सतर्कता को देखकर लुटेरे घबरा गए और अपनी बाइक पर सवार होकर वहां से भागने लगे। फरार होते समय उन्होंने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। घटना की सूचना तुरंत पुलिस थाना मैहतपुर को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पैट्रोल पंप मालिक विकास भारद्वाज ने बताया कि उनके कर्मचारियों ने काफी सूझबूझ और होशियारी का परिचय देते हुए लुटेरों को खदेड़ा है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है, जिससे लुटेरों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
एसपी सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि जिस हथियार से फायरिंग की गई, वह संभवतः एयर गन है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर जंगली जानवरों को डराने के लिए किया जाता है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

