Himachal: एचआरटीसी बस और बाइक में भीषण टक्कर, 2 घरों के बुझे चिराग...परिवारों में पसरा मातम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 11:32 AM (IST)

ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार देर रात अम्ब-ऊना मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत में 2 युवाओं को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बस चालक के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मंगलवार रात करीब 10:45 बजे कुठेड़ा खैरला में  कृष्णा नर्सरी के समीप घटी। चम्बा डिपो की एचआरटीसी बस ऊना से अम्ब की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल से बस की सीधी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद दोनों घायल युवकों को आपातकालीन स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अम्ब ले जाया गया। हालांकि, अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण दोनों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक युवकों की पहचना योगेश कुमार (19) पुत्र राम प्रकाश निवासी स्तोथर और अमन भाटिया (16) पुत्र वीरबल निवासी दयाड़ा, तहसील अम्ब के रूप में हुई है। दो युवा बेटों की अकाल मृत्यु से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसर गया है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में ले लिया है और बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शवों को वारिसों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस दुर्घटना की विस्तृत जांच कर रही है ताकि हादसे की सटीक वजह और जिम्मेदारी तय की जा सके। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News