Mandi: शख्स को कुत्ता पालना पड़ा महंगा! नगर निगम ने ठोका 9300 रुपए जुर्माना, जानें क्या है मामला
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 11:54 AM (IST)
मंडी (रजनीश): नगर निगम मंडी ने पालतू कुत्तों के पंजीकरण को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। नियमों की अनदेखी करने वाले पालतू कुत्ता मालिकों के खिलाफ निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए पैलेस कॉलोनी वार्ड के एक व्यक्ति पर 9300 रुपए का जुर्माना लगाया है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार संबंधित व्यक्ति को उनके पालतू कुत्ते का अनिवार्य पंजीकरण कराने के लिए निगम की ओर से कई बार चेतावनी दी गई थी। कर्मचारियों के माध्यम से सूचना भेजने के बावजूद जब मालिक ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और पंजीकरण में कोई रुचि नहीं दिखाई, तो नगर निगम ने अधिनियम के तहत यह सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई।
15 दिन का अल्टीमेटम, देरी पर लगेगा अतिरिक्त जुर्माना
नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित व्यक्ति को जुर्माने की राशि जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर जुर्माना नहीं भरा जाता है और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो इसके बाद 100 रुपए प्रतिदिन की दर से अतिरिक्त जुर्माना वसूला जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई से उन पालतू कुत्ता मालिकों में हड़कंप मच गया है जिन्होंने अभी तक अपने कुत्तों का पंजीकरण नहीं कराया है। निगम ने सभी मालिकों से समय रहते अपने पालतू कुत्तों का पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

