Shimla: पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, अब काऊंसलिंग से पहले देना होगा फिजिकल टैस्ट
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 04:54 PM (IST)
रोहड़ू (बशनाट): शिमला जिले के उपमंडल डोडरा-क्वार में पशु मित्र (मल्टी टास्क वर्कर) बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। संशोधित पशु मित्र नीति-2025 के तहत विभाग ने इन पदों के लिए होने वाली चयन प्रक्रिया में एक अहम बदलाव किया है।अब उम्मीदवारों को नौकरी पाने के लिए सीधे काऊंसलिंग में जाने के बजाय पहले मैदान पर अपनी शारीरिक क्षमता साबित करनी होगी।
उपमंडलीय वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहिंदर ने इस नए अपडेट की जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी व्यवस्था के तहत आवेदनकर्ताओं की काऊंसलिंग सीधे 12 जून को निर्धारित की गई थी, लेकिन अब चयन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और चुस्त बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि काऊंसलिंग से पहले सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा (फिजिकल टैस्ट) आयोजित की जाएगी।
नए शैड्यूल के अनुसार यह फिजिकल टैस्ट 9 जून को सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसके लिए रोहड़ू के समाला स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम को आयोजन स्थल बनाया गया है। सभी आवेदकों को समय से स्टेडियम पहुंचना होगा ताकि वे चयन प्रक्रिया के इस पहले और अनिवार्य चरण का हिस्सा बन सकें।
इस चयन प्रक्रिया का अंतिम चरण काऊंसलिंग होगा, लेकिन इसमें सभी आवेदक हिस्सा नहीं ले पाएंगे। 9 जून को होने वाले फिजिकल टैस्ट में जो अभ्यर्थी सफल रहेंगे, केवल उन्हें ही काऊंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। इन सफल उम्मीदवारों की काऊंसलिंग 12 जून को प्रातः 11.30 बजे डोडरा-क्वार स्थित उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में आयोजित की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

