Shimla: हिमाचल में लागू होगा अल्फा प्रोग्राम, देवी संस्थान के साथ हुआ एमओयू
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 09:22 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): स्कूली बच्चों की बुनियादी पढ़ाई-लिखाई और गणितीय समझ को मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए शनिवार को शिमला में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार और देवी संस्थान, लखनऊ के बीच अल्फा (एक्सीलरेटिंग लर्निंग फॉर ऑल) प्रोग्राम को पूरे प्रदेश में लागू करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की उपस्थिति में शिक्षा सचिव राकेश कंवर और देवी संस्थान की सीईओ डा. सुनीता गांधी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक डा. सुनीता सिंह, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, अतिरिक्त निदेशक बीआर शर्मा, जीवन सिंह नेगी तथा योगेश चौहान सहित समग्र शिक्षा और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि अल्फा शिक्षण पद्धति की शुरूआत पहले सोलन और शिमला के कुछ शिक्षा खंडों में पायलट आधार पर की गई थी। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। इन्हीं अनुभवों को देखते हुए अब इस कार्यक्रम का विस्तार पूरे हिमाचल प्रदेश में किया जा रहा है। परख सर्वे, पीजीआई, असर रिपोर्ट ने हिमाचल में शिक्षा सुधारों पर मुहर लगाई है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ सांझेदारी की है। देवी संस्थान के साथ यह सहयोग भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
देवी संस्थान की सीईओ डा. सुनीता गांधी ने अल्फा प्रोग्राम के अनुभव सांझा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस पद्धति को लागू करने के पीछे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का विशेष योगदान रहा है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि अल्फा शिक्षण पद्धति प्रदेश के स्कूलों में प्रभावी और उपयोगी साबित हुई है।
अल्फा को मुख्यधारा की पढ़ाई का हिस्सा बनाएं : शिक्षा सचिव
शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने कहा कि आज हुआ यह समझौता पहले से चल रहे सफल प्रयासों का विस्तार है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि अल्फा को केवल एक परियोजना न मानें, बल्कि इसे नियमित शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करें।
अल्फा से बच्चों के सीखने में दिखे हैं बेहतर परिणाम : राजेश
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लखनऊ का दौरा कर देवी संस्थान की अल्फा शिक्षण पद्धति को करीब से देखा था। इसके बाद ही इस पहल को पूरे हिमाचल प्रदेश में शुरू करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि देवी संस्थान के साथ यह सांझेदारी निश्चित रूप से स्कूली बच्चों की बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करेगी।

