Sirmour: पांवटा साहिब में नाइट ड्यूटी में लापरवाही, थाना मुंशी सस्पैंड

punjabkesari.in Saturday, Jan 10, 2026 - 10:16 PM (IST)

पांवटा साहिब (कपिल): शहर के बस स्टैंड पर ठंड में रातभर बेसुध हालत में पड़े बुजुर्ग के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी सिरमौर ने पुलिस थाना में नाइट ड्यूटी पर तैनात मुंशी (कांस्टेबल) को सस्पैंड कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की रात संबंधित व्यक्ति को लेकर मिली सूचना को आगे सांझा नहीं किया गया। पुलिस कर्मी ने यह मान लिया कि व्यक्ति शराब के नशे में है, जिसके चलते उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली से पांवटा साहिब आ रही एचआरटीसी बस में गिरिपार क्षेत्र के बुजुर्ग बलबीर पुंडीर को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किए जाने और लूट का मामला सामने आया था। बस स्टाफ द्वारा उन्हें नशे की आशंका में बस स्टैंड पर उतार दिया गया, जहां वह कड़ाके की ठंड में पूरी रात बेसुध पड़ा रहा। परिजनों का कहना था कि बस स्टैंड चौकीदार ने भी पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

सुबह बुजुर्ग को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भर्ती करवाया गया। बाद में उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सैंटर ले जाया गया। इसी मामले में थाना मुंशी पर सस्पैंशन की गाज गिरी है। उधर एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए नाइट ड्यूटी में तैनात मुंशी को तत्काल प्रभाव से सस्पैंड कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News