Sirmaur: पंचायत प्रधान सहित 5 वार्ड सदस्याें काे पद से हटाया, 6 वर्षों तक नहीं लड़ पाएंगे चुनाव
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 11:57 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला प्रशासन ने एक पंचायत प्रधान सहित 5 वार्ड सदस्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। इन सभी 6 जनप्रतिनिधियों को न केवल उनके पद से हटा दिया गया है, बल्कि उन्हें अयोग्य घोषित करते हुए उनके चुनाव लड़ने पर भी रोक लगा दी गई है। डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने यह कार्रवाई अमल में लाई है।
डीसी ने विकास खंड शिलाई की ग्राम पंचायत अश्याडी के पंचायत प्रधान अनिल कुमार, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-1 सुषमा देवी, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-2 प्रदीप सिंह, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-3 कमलेश देवी, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-4 चंद्रकला और पंचायत सदस्य, वार्ड नंबर-5 खजान सिंह को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम की उल्लंघना करने, प्रत्यक्ष लाभ अर्जित करने, अपने कर्त्तव्यों के निर्वहन में अवचार का दोषी पाए जाने पर पंचायत प्रधान व संबंधित वार्ड सदस्यों को पद से हटाने के आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुरूप अयोग्य घोषित किए गए पंचायत प्रधान व पंचायत के वार्ड सदस्यों को 6 वर्ष की अवधि के लिए पंचायत पदाधिकारी के रूप में निर्वाचित होने के लिए निर्रहित कर उन्हें दुरुपयोग धनराशि तुरंत पंचायत निधि के खाते में जमा करवाने के निर्देश भी दिए गए। इसकी पुष्टि डीसी प्रियंका वर्मा ने की है।