‌Sirmaur: पानी के टैंक में कुंडली मारकर बैठा था कोबरा...स्कूल में मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने किया रैस्क्यू

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 05:54 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिले के विकास खंड नाहन के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जमटा में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्कूल के पानी के टैंक में एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। स्कूल परिसर में सांप की खबर फैलते ही विद्यार्थियों और स्टाफ में दहशत फैल गई। स्कूल प्रशासन ने बिना देरी किए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही जमटा रेंज के रेंज ऑफिसर प्रेम सिंह कंवर हरकत में आए। उन्होंने तुरंत अपनी टीम को रैस्क्यू उपकरणों के साथ स्कूल भेजा। रैस्क्यू ऑप्रेशन की जिम्मेदारी अनुभवी फोरैस्ट गार्ड संदीप कुमार चौधरी को सौंपी गई। उनके साथ फोरैस्ट गार्ड सुखचैन और सचिन कुमार चौधरी भी शामिल थे। मौके पर पहुंचकर टीम ने चपरासी मदन सिंह के सहयोग से सावधानीपूर्वक रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया। काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। 

स्पेक्टेकल्ड कोबरा प्रजाति का था सांप
सांप को पकड़ने के बाद फोरैस्ट गार्ड संदीप कुमार चौधरी ने पुष्टि की कि पकड़ा गया सांप स्पेक्टेकल्ड कोबरा प्रजाति का था, जोकि बेहद जहरीला माना जाता है। वन विभाग की टीम ने सांप को डिब्बे में बंद कर स्कूल परिसर से दूर सुरक्षित सरकारी जंगल में छोड़ दिया। सांप के पकड़े जाने के बाद स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली। रेंज ऑफिसर प्रेम सिंह कंवर ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उन्हें नुक्सान पहुंचाने की बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News