Sirmaur: 3 मार्च को चंद्र ग्रहण का साया, 12 घंटे तक बंद रहेंगे उत्तर भारत के इस प्रसिद्ध सिद्धपीठ के कपाट
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 04:26 PM (IST)
नाहन (आशु): उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए एक जरूरी खबर है। आगामी 3 मार्च को लगने वाले चंद्र ग्रहण के चलते मंदिर प्रशासन ने कपाट बंद रखने का फैसला लिया है। इस दौरान मंदिर में किसी भी प्रकार की पूजा-अर्चना, भोग या धार्मिक अनुष्ठान नहीं होंगे।
सुबह 6 से शाम 7 बजे तक बंद रहेंगे कपाट
त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रहण काल के सूतक को देखते हुए 3 मार्च को सुबह 6 बजकर 10 मिनट से शाम 6 बजकर 47 मिनट तक मंदिर के कपाट पूरी तरह बंद रहेंगे। यानी करीब 12 घंटे तक श्रद्धालु माता के दर्शन नहीं कर पाएंगे। शाम को ग्रहण मोक्ष (समाप्ति) के बाद ही मंदिर को दोबारा खोला जाएगा।
ग्रहण काल में मूर्ति स्पर्श करना होता है वर्जित
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल को अशुभ समय माना जाता है। इस दौरान देवी-देवताओं की मूर्तियों को स्पर्श करना या पूजा करना वर्जित होता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए मंदिर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। एसडीएम ने बताया कि ग्रहण समाप्त होने के बाद पूरे विधि-विधान से मंदिर का शुद्धिकरण किया जाएगा। गंगाजल से स्नान, तर्पण और विशेष पूजा के बाद ही आम श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील, समय देखकर ही आएं
चूंकि मां बाला सुंदरी मंदिर में हिमाचल के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से भी भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए प्रशासन ने असुविधा से बचने के लिए पहले ही सूचना जारी कर दी है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे 3 मार्च को मंदिर आने से पहले समयसारिणी का ध्यान अवश्य रखें, ताकि उन्हें दर्शन के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े या निराश होकर लौटना न पड़े।

