Sirmaur: वन विभाग का बड़ा एक्शन, खैर की लकड़ी से भरी कार जब्त, तस्कर माैके से फरार
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 05:22 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमाैर जिले में पांवटा साहिब उपमंडल के सूरजपुर क्षेत्र में वन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माजरा रेंज की वन विभाग टीम ने खैर की लकड़ी की तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने मौके से खैर के 11 बिलेट्स (लकड़ी के टुकड़े) से भरी एक सिल्वर रंग की हुंडई सैंट्रो कार काे पकड़ा है, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर माैके से भागने में कामयाब रहे।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सूरजपुर स्थित तिरुपति वैलनेस फैक्ट्री के पिछले हिस्से में अवैध लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। मौके पर जैसे ही वन विभाग की गाड़ी पहुंची, ताे तस्करों ने अधिकारियों को देख लिया और कार को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। टीम ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें अवैध रूप से काटे गए खैर के 11 बिलेट्स बरामद हुए। इस कार्रवाई को माजरा रेंज के बीओ राम करण, फॉरेस्ट गार्ड दीपक और विकास ने अंजाम दिया।
फरार आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
वन विभाग के अधिकारी आदित्य शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त की गई कार और लकड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। फरार हुए 2 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विभाग का अवैध कटान और तस्करी के खिलाफ अभियान भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगा।

