Sirmaur: पुलिस की गुप्त सूचना पर घर में दबिश, अलमारी के लॉकर में मिला नशा, 3 युवक दबोचे

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 05:24 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिला पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में राजगढ़ पुलिस थाना की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक रिहायशी मकान में छापेमारी कर चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में तीन स्थानीय युवकों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि राजगढ़ क्षेत्र के एक मकान में कुछ युवक मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सेवन में संलिप्त हैं। सूचना पुख्ता होने पर पुलिस ने तुरंत एक टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान की गहनता से तलाशी ली। तलाशी के वक्त अक्षित चौहान नामक युवक के कमरे में रखी अलमारी की जांच की गई। अलमारी के भीतर बने लॉकर से पुलिस को 4.87 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर मौजूद तीनों युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अक्षित चौहान निवासी चौहान निवास, नजदीक पुराना बस स्टैंड राजगढ़, अजय कुमार निवासी नजदीक डीएवी स्कूल राजगढ़ और शुभम वर्मा निवासी वर्मा निवास, खैरी रोड राजगढ़ के रूप में की गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये युवक नशा कहां से लाए थे और क्या वे इसे आगे बेचने की फिराक में थे या खुद सेवन कर रहे थे। 

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News