Kangra: एक देश एक चुनाव महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक : शांता

punjabkesari.in Saturday, Mar 22, 2025 - 09:43 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि पडिंत जवाहर लाल नेहरू के बाद लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने का नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले नरेंद्र मोदी ने कुछ ऐतिहासिक और असंभव काम करके दिखाए हैं। कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति, 500 वर्ष के बाद राम मन्दिर का निर्माण और कुंभ मेले की सफलता मोदी सरकार की शानदार उपब्धियां हैं। इनमें अब एक और नई उपलब्धि एक देश एक चुनाव जुड़ने वाली है। उन्होंने कहा कि भारत के अतिरिक्त विश्व भर में कोई ऐसा देश नहीं है जिसमें पूरे 5 वर्ष किसी न किसी प्रदेश में चुनाव होते रहते हों। विश्व के बहुत से नेता इसके लिए भारत का मजाक करते हैं। भारत में पूरे 5 वर्ष केवल चुनाव का मूड रहता है। एक चुनाव समाप्त होने के बाद दूसरे प्रदेश का चुनाव आ जाता है।

पूरे देश की राजनीति उसी में उलझ जाती है। देश के विकास के लिए सोचने का समय बहुत कम मिलता है। चुनाव काले धन से लड़ा जाता है। शांता कुमार ने कहा कि समय के साथ धन की भी बहुत अधिक बर्बादी होती है। आजकल चुनाव काले धन से लड़ा जाता है इसलिए पूरे 5 वर्ष काले धन का काला चक्र चलता रहता है। भारत की गरीबी और बेरोजगारी का सबसे बड़ा कारण यह है कि देश का बहुत सा समय और धन चुनाव में लग जाता है। इन बुनियादी समस्याओं पर विचार करने के लिए साधन और समय नहीं बचता है। पूरे देश के चुनाव 5 वर्ष में एक बार ही करने से समय तो बचेगा ही, उसके साथ लाखों-करोड़ों रुपए की बचत भी होगी जिसे गरीबी दूर करने के लिए लगाया जा सकेगा।

भारत के संविधान में चुनाव 5 वर्ष में एक बार करने का प्रावधान है। 1952 के प्रथम चुनाव से लेकर 1962 तक लोकसभा व विधानसभाओं के चुनाव एक बार हुए थे। उन्होंने कहा है कि पंचायत से लेकर पार्लियामैंट तक के चुनाव 5 वर्ष में एक बार ही 2-3 महीने लगाकर करवा दिए जाएं। बाकी पूरे 5 वर्ष देश के विकास के लिए व बुनियादी समस्याओं के लिए काम करें। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता इस अत्यन्त महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक विषय पर सरकार का साथ देगी और नरेंद्र मोदी का देश के लिए यह बहुत बड़ा एक और महत्वपूर्ण योगदान होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News