Kangra: आरडीजी नहीं, कांग्रेस की गलत नीतियां बनीं आर्थिक संकट की असली वजह : विपिन सिंह परमार

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 05:35 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस सरकार पर कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं, आर्थिक कुप्रबंधन और गलत नीतियों को छिपाने के लिए तरह-तरह के बहाने बना रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान का मुद्दा उठाकर कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिए स्वयं कांग्रेस सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। विपिन सिंह परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार आज जिस आर्थिक संकट का रोना रो रही है, उसकी असली वजह केंद्र सरकार नहीं बल्कि प्रदेश सरकार का कमजोर वित्तीय प्रबंधन, अनुभवहीन निर्णय और बिना संसाधनों के की गईं घोषणाएं हैं।

उन्होंने कहा कि आरडीजी कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी, बल्कि सीमित अवधि के लिए मिलने वाला अनुदान था और इसकी जानकारी प्रदेश सरकार को पहले से थी। इसके बावजूद सरकार ने न तो कोई ठोस आर्थिक रणनीति बनाई और न ही प्रदेश की आय बढ़ाने के लिए कोई गंभीर प्रयास किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही प्रदेश में वित्तीय अनुशासन पूरी तरह समाप्त हो गया है। इस दौरान विपिन सिंह परमार ने हाल ही में पत्रकार विकास के साथ हुई घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरासर दादागिरी और लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला उल्लंघन है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News