Mandi: जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा-'हिमाचल में लागू हो रहा पाकिस्तान मॉडल'

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 02:50 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल में पाकिस्तान मॉडल लागू कर रहे हैं। मंडी में भाजपा कार्यसमिति की बैठक के बाद एक प्रैस वार्ता में उन्होंने कहा कि जिस तरह आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में कर्मचारियों का वेतन रोका जाता है, वही स्थिति अब हिमाचल में आ गई है, जहां सरकार अधिकारियों, कर्मचारियों और यहां तक कि जनप्रतिनिधियों का वेतन भी समय पर नहीं दे पा रही है।

सरकार की वित्तीय नीतियां पूरी तरह विफल
जयराम ठाकुर ने सरकार की वित्तीय नीतियों को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के इतिहास में अभूतपूर्व और शर्मनाक है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने पांच साल में 19 हजार करोड़ का कर्ज लिया था, जबकि सुक्खू सरकार ने मात्र सवा साल में ही 40 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज लेकर प्रदेश पर कुल 1.10 लाख करोड़ का बोझ डाल दिया है।

चेस्टर हिल मामले में बेनामी सौदे का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा इस सरकार को उखाड़ फैंकना है। उन्होंने चेस्टर हिल मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें धारा 118 का खुला उल्लंघन हुआ है और यह बेनामी ट्रांजैक्शन का स्पष्ट मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वरिष्ठ अधिकारी ने राजस्व सचिव रहते हुए पद का दुरुपयोग किया और मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी होने के बावजूद अब इसे दबाने का प्रयास हो रहा है।

व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर अराजकता, मुख्यमंत्री सुक्खू झूठ के मसीहा
प्रशासनिक विरोधाभासों पर चुटकी लेते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि एक ओर मुख्य सचिव सेवा विस्तार न देने के आदेश देते हैं, तो दूसरी ओर उसी दिन मुख्यमंत्री कार्यालय से एक अधिकारी को सेवा विस्तार मिल जाता है। यह दिखाता है कि सरकार में कोई तालमेल नहीं है और व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर केवल अराजकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को झूठ का मसीहा करार देते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें सिर्फ झूठ बोलने का ठेका दिया है। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, बलबीर वर्मा, उपाध्यक्ष बिहारी शर्मा, पायल वैद्य और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News