Mandi: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का बड़ा आरोप, बोले-"साजिश के तहत हिमकेयर योजना को बंद करना चाहती है कांग्रेस"

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:47 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर जनहित की योजनाओं को जानबूझकर ठप्प करने का गंभीर आरोप लगाया है। सराज विधानसभा क्षेत्र के शंकर देहरा में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली वर्तमान सरकार साजिश के तहत हिमकेयर योजना को बंद करना चाहती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि बहुत से लोग इलाज महंगा होने के कारण अस्पताल जाने से डरते थे और अपनी बीमारी को नियति मानकर भगवान भरोसे छोड़ देते थे। ऐसे ही लाखों परिवारों को संबल देने के लिए भाजपा सरकार ने हिमकेयर योजना शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब ब्लैकमेलिंग पर उतर आई है। जब 11 लाख लोगों के इलाज में एक भी पैसे की गड़बड़ी नहीं मिली, तो सरकार झूठ का सहारा लेकर इस योजना को बदनाम करने का षड्यंत्र क्यों कर रही है। अब तक 11 लाख से अधिक लोग इस योजना के तहत अपना मुफ्त इलाज करवा चुके हैं।

कांग्रेस ने जीवित लोगों को मृत घोषित कर बंद कर दी सहारा पैंशन
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में वृद्धों, दिव्यांगों और सहारा पैंशन पाने वाले पात्र लोगों की पैंशन रोकी जा रही है। उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि सरकार ने संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए सहारा पैंशन पा रहे कई जीवित लोगों को कागजों में मृत घोषित कर उनकी पैंशन बंद कर दी है। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा ऐसे लोगों का डाटा जुटाएगी और सरकार की इस साजिश को जनता के सामने बेनकाब करेगी।

देव संस्कृति के संरक्षण पर दिया बल
शुक्रवार को उन्होंने शंकर देहरा स्थित नारठी में देव विष्णु मतलोड़ा जी और देवी दुलासन जी के नवनिर्मित रथों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि हिमाचल की असली पहचान उसकी देव संस्कृति और अटूट आस्था से है। आधुनिकता के इस युग में भी अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहना गौरव की बात है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News