Mandi: हिमाचल में चुनाव का सामना करने का साहस नहीं, बिहार में झूठ की दुकान सजाकर बैठ गए CM सुक्खू : जयराम
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 07:43 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मुख्यमंत्री सुक्खू को अपने प्रदेश की आपदा से ज्यादा बिहार चुनाव की चिंता सता रही है। क्या उनकी नजर में प्रदेश में आई इतनी भयंकर आपदा से ज्यादा बिहार चुनाव प्राथमिकता में हैं। यह सवाल हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री से किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के पास अपने राज्य में चुनाव का सामना करने का साहस नहीं है और वह बिहार जाकर अपनी झूठ की दुकान सजाकर बैठ गए हैं।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से प्रदेश आकर मातृ शक्ति से माफी मांगने और झूठा प्रचार करने से बाज आने को कहा। उन्होंने कहा बिहार चुनाव प्रचार के दौरान सुक्खू कह रहे हैं कि हिमाचल में सभी महिलाओं को चुनावी वायदे के मुताबिक 1500 रुपए प्रति महिला देना शुरू कर दिया गया है और 2 लाख 87 हजार महिलाओं को मासिक पैंशन दे दी गई है, जोकि पूरी तरह झूठ है। इस मौके पर भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, राज्य महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला महामंत्री मांचली ठाकुर, भागीरथ धरवाल तथा किसान मोर्चा के नवनियुक्त राज्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दुष्प्रचार करने वाले पहले आपदा प्रभावितों का दुख समझें और उसके बाद अपनी राय दें
जयराम ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने डिजास्टर एक्ट लागू करके उसकी आड़ में पंचायत और नगर निगमों के चुनावों को टालने का काम किया है, जबकि आपदा प्रभावितों की तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कुछ लोगों और नेताओं पर भी सोशल मीडिया पर तथ्यहीन बातें कहने का आरोप लगाया। उन्होंने दुष्प्रचार करने वालों को सलाह दी कि वे पहले आपदा प्रभावितों के जख्मों व दुखों को समझें और उसके बाद ही अपनी राय दें।

