हिमाचल में कितना बचा है LPG और पैट्रोल-डीजल का स्टॉक? CM सुक्खू का बड़ा बयान आया सामने
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 07:18 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। इसके अलावा पैट्रोल-डीजल का 15 दिन का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से कमर्शियल गैस की कमी की शिकायतें मिली है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में खाड़ी देशों में जारी युद्ध का प्रभाव पड़ सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विधानसभा परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
हिम केयर मामले की हाईकोर्ट के जज से जांच करवाने की कोई आवश्यकता नहीं
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिम केयर मामले की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से जांच करवाने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि राज्य की जांच एजैंसियां यह जांच करने में समक्ष है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए तथ्यों के विपरीत बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 2 अस्पतालों आईजीएमसी और टांडा में इंटरनल ऑडिट के माध्यम से 110 से 120 करोड़ रुपए की अनियमितता की बात सामने आई है। सरकार की तरफ से इस मामले की जांच विजिलैंस को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जिस भी स्तर पर अनियमितताएं होने की बात सामने आएगी, उसका जांच में पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार हिम केयर योजना को इंश्योरैंस मोड पर भी लाए जाने के प्रयास कर रही है।
किन्नर वेश में घूम रहे बांग्लादेशी शख्स की होगी जांच
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला में किन्नर के वेश में घूम रहे बांग्लादेशी शख्स को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनको इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कुछ गलत हुआ है, तो इस मामले की निश्चित तौर पर जांच होगी, ताकि वस्तुस्थिति सामने आ सके।

