Himachal: बिंदल की अध्यक्षता में विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा
punjabkesari.in Tuesday, Jul 01, 2025 - 09:25 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): डा. राजीव बिंदल ने तीसरी बार हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है। अध्यक्ष पद पर उनका यह लगातार दूसरा कार्यकाल है। उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय दीपकमल पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। उनको अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होटल पीटरहॉफ में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं केंद्रीय चुनाव अधिकारी डा. जितेंद्र सिंह ने प्रमाण पत्र देकर विधिवत घोषणा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने डा. बिंदल के नाम का अध्यक्ष पद के लिए प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्यों का भी किया चयन
इस मौके पर पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्यों के चयन पर भी मुहर लगी। इनमें गोविंद ठाकुर, बिहारी लाल शर्मा, पवन काजल, त्रिलोक जम्वाल, पायल वैद्य, रश्मिधर सूद, डा. राजीव सैजल और संजीव कटवाल शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश से सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद इसमें पदेन सदस्य चुने गए हैं।
कांग्रेस में रसोई घर एवं डाइनिंग टेबल पर तय होता है अध्यक्ष : डा. जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में रसोई घर एवं डाइनिंग टेबल पर राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष का फैसला किया जाता है। कांग्रेस पार्टी में मां-बेटे का ही फैसला मान्य होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में लोकतांत्रिक ढंग से अध्यक्ष और अन्य संगठनात्मक ढांचे का चयन होता है।
बिंदल को अध्यक्ष बनाने पर सर्वसम्मति
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अनुभव और पार्टी में काम करने की क्षमता को देखते हुए ही डा. बिंदल को इस पद के लिए फिर से चुना गया है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में जब भी विधानसभा के चुनाव होंगे तो प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी।
बिंदल के पास संगठनात्मक काम में लम्बा अनुभव : अनुराग
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि डा. राजीव बिंदल ने प्रदेश व पार्टी कल्याण के लिए काम किया है। उनको संगठनात्मक काम में लंबा अनुभव है। उन्होंने कहा कि वह पूरी क्षमता और तेजी के साथ काम करते हैं, जो उनकी बहुत बड़ी विशेषता है।
बूथ पर कांग्रेस पार्टी की जमानत जब्त करने का संकल्प लेंगे : श्रीकांत
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बूथ पर जमानत जब्त करने का संकल्प लेकर पार्टी आगे बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार बेईमान है, जो केंद्र से मिली धनराशि को व्यय करने में भ्रष्टाचार कर रही है।
भ्रष्टाचारी व झूठी सरकार को उखाड़ फैंकेंगे : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए फिर से निर्वाचित डा. राजीव बिंदल ने कहा कि उनका लक्ष्य हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचारी और झूठी सरकार को उखाड़ फैंकना है। उन्होंने कहा कि यह सभी नेताओं के साथ कार्यकर्त्ताओं का प्यार और आशीर्वाद है कि उनको फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनने का मौका मिला है। उन्होंने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं का आभार जताया। इससे पहले सुबह के समय भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल एवं सांसद अनुराग ठाकुर पार्टी कार्यकर्त्ताओं के साथ जाखू मंदिर पहुंचे।