बागियों को फोन करके वापस बुला रहे मुख्यमंत्री व 3 मंत्री : जयराम

punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2024 - 11:13 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कुछ जगह मुख्यमंत्री तथा कुछ जगह उनके करीबी 3 मंत्री बागियों को फोन करके वापस बुला रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3 मंत्री फोन करके तरह-तरह के प्रलोभन दे रहे हैं, जिसमें सदस्यता बहाली से लेकर पदों का लालच दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज सरकार और कांग्रेस पार्टी में हास्यास्पद स्थिति बनी हुई है। इसका ताजा उदाहरण कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की तरफ से चुनाव लड़ने से इंकार करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को लगता है कि प्रदेश सरकार के हालात ऐसे हैं, जिससे पार्टी नेताओं और कार्यकर्त्ताओं का मनोबल गिर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल सांसद निधि के सहारे चुनाव नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि अब सरकार उनको मनाने में लगी है तथा रूठने और मनाने का यह दौर 15 माह से जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बागी इंद्रदत्त लखनपाल के मकान को नगर निगम की तरफ से तोड़ने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा लाहौल-स्पीति से विधायक रहे नेता के घर का रास्ता रोका जा रहा है।

कांग्रेस के अंदर ही चली है बारगेनिंग 
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के अंदर ही बारगेनिंग चली है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऐसा दौर देखने को नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए कभी प्रतिशोध की भावना एवं राजनीतिक द्वेष से काम नहीं किया, लेकिन कांग्रेस सरकार इसके विपरीत काम कर रही है।

चुनाव आयोग से 1500 रुपए जारी करने की गुहार लगा रही सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग से महिलाओं को 1500 रुपए देने के लिए चुनाव आयोग से गुहार लगा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता के बीच इस राशि को जारी नहीं किया जा सकता।

केजरीवाल बने भ्रष्टाचार का प्रतीक
जयराम ठाकुर ने कहा कि ईडी की तरफ से हिरासत में लिए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार का प्रतीक बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि 9 बार समन मिलने के बाद केजरीवाल ईडी के समक्ष जब पेश नहीं हुए तो हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से कार्रवाई आगे बढ़ी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News