सड़क दुर्घटना में एक की मौत, 3 घायल

punjabkesari.in Saturday, Apr 13, 2024 - 09:34 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र) : नालागढ़ में एक स्कॉर्पियो चालक ने एक बाइक को योजना के तहत हिट किया, जिससे एक बाइक सवार की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह आपसी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। जिस युवक की मौत हुई है, वह मारने वाले युवक की सगी बुआ का बेटा था। बगलैहड़ पंचायत के शेरांवाली गांव के सुखविंदर सिंह पुत्र हरनेक सिंह बाइक पर सवार हो 11 अप्रैल को सुबह तड़के साढ़े 3 बजे गांव की ओर आ रहा था। सुखविंदर सिंह के साथ इसी गांव का सुनील कुमार उर्फ शीलू, बघेरी का हनी व पंजैहरा का कपिल सवार था। गांव से कुछ दूरी पहले रिया पुलिया के समीप एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आई। कार को जोघों का परमजीत सिंह ऊर्फ रिक्की चला रहा था।

पुलिस के अनुसार परमजीत सिंह उर्फ रिक्की का बगलैहड़ के समीप ढाबा चलाता था। रिक्की शादीशुदा है तथा उसके 2 बच्चे भी हैं। 10 अप्रैल की शाम को उसकी पत्नी को शक हुआ कि उसका पति ढाबे पर नहीं है और वह ढाबे पर पहुंच गई। इस बात का पता रिक्की के बुआ के बेटे सुखिवंदर सिंह को चल गया है। वह अपने दोस्तों के साथ ढाबे पर आ गए और अपनी भाभी को घर जाने को कहने लगे। जिस पर भाभी ने जाने से इंकार कर दिया कि वह अपने पति के आने के बाद ही घर जाएगी। जब वह घर नहीं आई तो सुखविंदर सिंह व सुनील कुमार ने यह बात अपने मामा व मामी को बता दी। मामा ने फोन करके परमजीत सिंह को बताया कि उनकी बहु ढाबे पर क्यों बैठी है। जैसे ही परमजीत सिंह को पता चला कि सुखविंदर सिंह व सुनील उर्फ शीलू ने उसके माता-पिता को बताया तो पहले ढाबे पर आया और सुनील उर्फ शीलू पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह बच गया। वहां पर शीलू की बाइक खड़ी थी। परमजीत सिंह ने पहले उसकी बाइक को आग लगाई और उसके बाद उसे खोजने के लिए अपने साथी अभी व सूरज को लेकर निकल गया।

इस बीच सुखविंदर सिंह अपने तीनों दोस्तों के साथ बाइक पर वापस अपने घर जा रहा था तो रिया के पास पुलिया पर परमजीत सिंह ने सुखविंदर सिंह की बाइक को जानबूझ कर टक्कर मारी, जिससे वह बाइक समेत तीनों दोस्तों के साथ पुलिया के नीचे गिर गया। इन लोगों ने गाड़ी रोकी और पुलिया से नीचे उतरे और वहां पर सुनील को खोजते रहे। लेकिन वह अंधेरे में झाड़ियों में छिप गया। वहां पर इन तीनों ने घायलों को पीटने के बाद उन्हें वहीं छोड़ कर वापस चले गए। डी.एस.पी. फिरोज खान ने बताया कि पुलिस ने पहले दुर्घटना की सूचना मिली थी लेकिन अब पता चला है कि यह साजिश के तहत हुआ है तो पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News