कुल्लू में BJP की प्रस्तावित रैली को लेकर मंडी में जयराम की विधायकों के साथ बैठक, जानिए क्या हुई चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Jun 08, 2023 - 10:05 PM (IST)

पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से ली रैली की तैयारियों की फीडबैक
मंडी (रजनीश): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को मंडी में पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ कुल्लू में प्रस्तावित रैली की तैयारियों की समीक्षा की। मंडल स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से रैली की तैयारियों की फीडबैक ली। उसके बाद मंडी जिले के सभी विधायकों के साथ बैठक करके रैली की तैयारियों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने बूथ स्तर पर रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या का विस्तृत विवरण लिया। उन्होंने बताया कि 14 जून को कुल्लू में प्रस्तावित रैली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भाग लेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर भाजपा द्वारा संपर्क से समर्थन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रहीं जनहितकारी योजनाओं के बारे लोगों को बता रहे हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कहा कि वे संपर्क से समर्थन अभियान के तहत हर घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री की जनहितकारी योजनाओं के बारे में अवगत करवाएं। 

रैली में मंडी लोकसभा क्षेत्र के सभी मंडलों से कार्यकर्ता भाग लेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए मंडल व बूथ स्तर पर सभी पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संबंधित पदाधिकारी मंडल व बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचने की सूचना दे रहे हैं। रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं। बैठक में विधायक राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, पूर्ण चंद्र ठाकुर, दिलीप ठाकुर और दीपराज मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News