Shimla: बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 23 मई को होगा कॉमन एंट्रैंस टैस्ट
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 07:36 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस प्रक्रिया के माध्यम से उम्मीदवार अब 11 मई तक बीएड की प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एचपीयू ही इस बार एचपीयू सहित एसपीयू मंडी के अधीन सभी निजी बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए कॉमन एंट्रैंस टैस्ट करवाएगा। ऐसे में इच्छुक विद्यार्थी एचपीयू के शिक्षा विभाग क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला के अलावा सरकारी व निजी बीएड कॉलेजों की करीब 8,000 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस 2 वर्षीय बीएड कोर्स में दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर मिलेगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड की प्रवेश परीक्षा 23 मई को आयोजित होगी।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल की ओर से बीएड की प्रवेश परीक्षा व आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सूचना जारी की गई। प्रो. कौशल ने कहा कि अभ्यर्थी बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने से पहले बीएड विवरण पुस्तिका में शामिल विस्तृत निर्देशों पर गौर करें। बीएड विवरण पुस्तिका विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त जानकारी के लिए हैल्पलाइन नंबर 0177-2833648 और 0177-2833588 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा कार्य दिवस पर विश्वविद्यालय में बीएड प्रवेश प्रकोष्ठ या संगणक केंद्र से जानकारी ले सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा के लिए यहां बनेंगे केंद्र
बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए जिन 14 शहरों में प्रवेश परीक्षा केंद्र स्थापित करना प्रस्तावित है, उनमें शिमला, सोलन, नाहन, धर्मशाला, सुंदरनगर, मंडी, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, रामपुर बुशहर, कांगड़ा व चम्बा शामिल हैं।

