कांगड़ा के बाद अब हमीरपुर में पहुंची भाजपा के आंतरिक विरोध की ज्वाला

punjabkesari.in Sunday, Aug 04, 2019 - 11:07 PM (IST)

बड़सर: कांगड़ा जिला में उपजे भाजपा के आंतरिक विरोध की ज्वाला अब जिला हमीरपुर में पहुंच गई है। बड़सर विस क्षेत्र में अपनी ही सरकार के खिलाफ विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं। इसका कारण बड़सर विस क्षेत्र से संबंध रखने वाले कमल नयन शर्मा की कांगड़ा प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन पद पर हुई ताजपोशी है। इस ताजपोशी को लेकर बड़सर भाजपा मंडल ने जयराम सरकार व प्रदेश भाजपा संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को सौंपा चेयरमैन का पद

रविवार को बड़सर में आयोजित भाजपा मंडल की बैठक में बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस ताजपोशी के विरोध में अपनी ही सरकार व प्रदेश संगठन को निशाने पर लेकर जोरदार विरोध जताया। बैठक में कार्यकर्ताओं के रोषपूर्ण व उग्र स्वर को देखते हुए भाजपा मंडल को सरकार के इस निर्णय के खिलाफ मुखर होने का निर्णय लेना पड़ा। भाजपा मंडल का स्पष्ट कहना है कि जयराम सरकार ने उस व्यक्ति को चेयरमैन का पद सौंपा है, जो पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है तथा ऐसे लोगों के कारण बड़सर में पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है।

जयराम सरकार को राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेशों की नहीं परवाह

मंडलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सांसदों के अभ्यास वर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश सरकारों को संगठन के छोटे से छोटे कार्यकर्ता से तालमेल बिठाकर व विश्वास में लेकर कार्य करने का आदेश दिया था लेकिन जयराम सरकार के इस तरह के निर्णयों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानों उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेशों की भी कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार व प्रदेश नेतृत्व ने इस निर्णय से पहले बड़सर भाजपा मंडल को भी विश्वास में नहीं लिया है तथा बड़सर में भाजपा को कमजोर करने वालों को औहदा देकर मनमाना निर्णय लिया है, जो बड़सर भाजपा मंडल के किसी भी कार्यकर्ता को मंजूर नहीं है।

मुख्यमंत्री व संगठन नेतृत्व की मनमानी बर्दाश्त नहीं करेंगे कार्यकर्ता

मंडलाध्यक्ष ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश संगठन नेतृत्व की ऐसी मनमानी को कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, उपाध्यक्ष राजेंद्र ढटवालिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैप्टन प्रकाश चंद, सुभाष बन्याल, मंडल किसान मोर्चा अध्यक्ष जगन्नाथ बन्याल, मंडल सचिव दलजीत राणा, नरेश कतना, प्रैस सचिव रमेश शर्मा, बलबीर बन्याल, भाजयुमो अध्यक्ष संजीव शर्मा, लीला शर्मा व रीता ठाकुर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्रवाई तो दूर उलटा कर दी ताजपोशी

बड़सर भाजपा मंडलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने कहा कि उक्त व्यक्ति के पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के प्रमाण सहित दस्तावेज प्रदेश नेतृत्व के पास दिए गए हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई करना तो दूर की बात उलटा चेयरमैन जैसे पद पर ताजपोशी करके मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश संगठन नेतृत्व ने बड़सर में पार्टी को कमजोर करने का कार्य किया है।

...तो बड़सर भाजपा मंडल देगा इस्तीफा

सरकार का यह निर्णय पार्टी विरोधी है, जो लोग पार्टी के विरोध में कार्य कर रहे हैं, पार्टी ऐसे लोगों को तरजीह दे रही है। अगर ऐसा ही चलता रहा तथा प्रदेश सरकार ने अपने इस निर्णय को नहीं बदला तो बड़सर में बूथ स्तर से लेकर पूरी बड़सर भाजपा मंडल कार्यकारिणी सामूहिक तौर पर अपने पदों से इस्तीफा देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News