लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस ने कांगड़ा से आनंद शर्मा व हमीरपुर से सतपाल रायजादा काे दी टिकट

punjabkesari.in Tuesday, Apr 30, 2024 - 08:54 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 4 में से 2 शेष बची सीटों पर भी प्रत्याशियों के ऐलान कर दिया है। कांगड़ा सीट से पार्टी ने भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज के खिलाफ पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को मैदान में उतार कर बड़ा दांव खेला है। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष एवं विधायक रघुबीर सिंह बाली के कांगड़ा संसदीय सीट से चुनावी मैदान में न उतरने की इच्छा के बाद कांग्रेस हाईकमान ने वरिष्ठ एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के नाम पर मोहर लगाई है। वहीं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के खिलाफ पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री के करीबियों में शामिल सतपाल रायजादा को टिकट दिया गया है। इस सीट को लेकर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर का नाम भी सर्वे के बाद पैनल में शामिल किया गया लेकिन सभी सियासी पहलुओं को खंगालने के बाद रायजादा के नाम पर सहमति बनी है।

7वें चरण के तहत 1 जून को होना है मतदान
प्रदेश में लोकसभा की 4 और विधानसभा की 6 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर अंतिम 7वें चरण के तहत 1 जून को मतदान होना है। ऐसे में अब कुल मिलाकर 1 माह का समय शेष रह गया है लेकिन सत्ताधारी दल अभी भी  6 में से विधानसभा उपचुनाव की 3  टिकटें तय नहीं कर पाया है।  ऐसे में पार्टी नेताओं के साथ ही पदाधिकारियों, कार्यकर्त्ताओं व टिकट चाहवानों के समर्थकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है तथा आज-आज प्रत्याशियों की घोषणा करते-करते पार्टी का चुनावी प्रचार भी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। माना जा रहा है कि 2 दिनों के भीतर कांग्रेस सभी शेष सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी।

धर्मशाला, लाहौल के साथ बड़सर पर संशय बरकरार
कांग्रेस उपचुनाव को लेकर 6 में से 3 सीटों गगरेट, सुजानपुर और कुटलैहड़ के प्रत्याशी घोषित कर चुकी है जबकि धर्मशाला, लाहौल‌‌-स्पीति और बड़सर से प्रत्याशी पर सहमति नहीं बन पा रही है। इसी के चलते टिकट अभी भी अटके हुए हैं। सूत्रों के अनुसार इन विस क्षेत्रों संभावित पैनल में 3 से 4 प्रत्याशियों के नाम रखे गए हैं, साथ ही अन्य विकल्पों पर भी मंथन चल रहा है।

1-1 सीट पर फोकस
लोकसभा चुनाव के तहत कांग्रेस हाईकमान का फोकस एक-एक सीट पर है। कांग्रेस हाईकमान प्रयासरत रहा है कि हर सीट पर सशक्त प्रत्याशी ही उतारा जाए। मंडी और सोलन से सिटिंग विधायकों को उतार कर इस बारे हाईकमान ने अपनी रणनीति पहले ही स्पष्ट कर दी थी। इसी कड़ी में आनंद शर्मा के नाम ने सभी को चौंका दिया है। इसे एक सियासी रणनीति भी बताया जा रहा है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी ने बताया कि संभवत: 1-2 दिन में सभी प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्त्ता चुनावी रण में कूद चुका है और सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद चुनावी प्रचार पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। लोकसभा के साथ ही जनता पर थोपे गए 6 विधानसभा उपचुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News