सांबल और जैंसला में मलबे में दबे 6 लोगों का नहीं लगा सुराग, अब खड्डों-नालों में भी चलेगा सर्च अभियान

punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 11:40 PM (IST)

पंडोह/गोहर (विशाल/ ख्यालीराम): शनिवार को 9 मील में रास्ता बंद होने के चलते सर्च अभियान बंद रहा। रास्ता बहाल करने  के चलते सभी मशीनें रास्ता बहाली के कार्य में लग गईं और शनिवार को सर्च अभियान बिल्कुल बंद रहा।  उधर, सराज के जैंसला पंचायत में मलबे की चपेट में आईं ताई-भतीजी का चौथे दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। दोनों घटनाओं में 6 लोग अभी लापता हैं। 

जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को सांबल नाले में बादल फटने के कारण 6 लोग मलबे में दब गए थे, जिनमें से 2 के शव तो बरामद हो गए लेकिन 4 लोगों की तलाश अभी भी जारी है। शुक्रवार को बड़ी-बड़ी चट्टानों को ब्लास्ट करने और मलबा हटाने के बाद अब जहां पर पीड़ित नितेश का घर था, वहां तक मशीन पहुंच चुकी थी। 9 मील में बंद होने के चलते मशीनें सर्च अभियान में नहीं लग पाईं। डीसी अरिंदम चौधरी ने बताया कि रविवार सुबह से सर्च अभियान दोबारा से शुरू कर दिया जाएगा। 

उधर, सराज के जैंसला पंचायत में हादसे को हुए 4 दिन हो गए हैं लेकिन ग्रामीणों और प्रशासन द्वारा चलाए गए लगातार सर्च ऑप्रेशन में अभी तक कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है। हालांकि हादसे के दूसरे दिन भूस्खलन के मलबे में लापता पुरनू देवी (46) के एक पैर का जूता बरामद हो गया था जबकि दूसरी लापता ममता (17) की कोई निशानी बरामद नहीं हुई है। मगर उसके बाद उनके सर्च ऑप्रेशन में जुटी टीम को लापता महिलाओं की न तो कोई निशानी हाथ लगी है और न ही वे दोनों कहीं मिल पाई हैं।

संभावित घटनास्थल का पूरा हिस्सा छानने के बाद अब प्रशासन ने रोपड़ी और बाखली खड्डों में सर्च अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है। शनिवार तक सर्च ऑप्रेशन में शामिल लोगों ने करीब आधा किलोमीटर की दूरी तक का क्षेत्र छान लिया है। एसडीएम थुनाग विचित्र सिंह ठाकुर ने कहा कि घटनास्थल का संभावित क्षेत्र पूरा छान लिया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं तेज बहाव के कारण दोनों महिलाएं खड्ड की ओर न बह गई हों। अब खड्डों में सर्च ऑप्रेशन चलाया जाएगा। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News