Himachal: भारत-चीन अधिकृत तिब्बत से लगते सीमावर्ती क्षेत्र से शिप्की-ला आज से पर्यटन को खुलेगा
punjabkesari.in Monday, Jun 09, 2025 - 10:31 PM (IST)

नमज्ञा (शिपकी ला) (कुलदीप शर्मा): भारत-चीन अधिकृत तिब्बत से लगते सीमावर्ती क्षेत्र शिप्की-ला मंगलवार (10 जून) से पर्यटन गतिविधियों के लिए खुल जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की अनुमति के बाद अब सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इससे पर्यटक हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों व संस्कृति को नजदीक से निहार सकेंगे। यानी बाहर से आने वाले लोग यहां के जीवन यापन, रहन सहन, वेषभूषा, खानपान व दिनचर्या को नजदीक से निहार सकेंगे। सीमा पर्यटन क्षेत्र के लोगों की तकदीर भी बदलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसकी शुरूआत करने जा रहे हैं।
‘सीमा पर्यटन’ की इस शुरूआत के अवसर पर राजस्व व बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी भी मौजूद रहेंगे। ‘सीमा पर्यटन’ की शुरूआत होने के बाद पर्यटक भारत चीन सीमा से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों की अद्भुत सुंदरता का अनुभव करने का अवसर मिलेगा। यह ‘सीमा पर्यटन’ प्रथम गांव नमज्ञा के लिए सौगात लेकर आया है। इससे पर्यटकों को हिमाचल से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों जैसे लेपचला, शिप्की-ला ग्यू मठ, खाना दुमटी, सांगला, रानी कंडा, छितकुल और लाहौल-स्पीति के चयनित क्षेत्रों तक पहुंचने की सुविधा प्रदान करेगी।
जनजातीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार ने केंद्र सरकार सेे इस विषय को उठाया था। इस पहल से हिमाचल के दूर-दराज जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन और समावेशी विकास का रास्ता प्रशस्त होगा। पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना भी सरकार की पहल है।
पहले अनुमति लेने की थी आवश्यकता
सीमा से सटे इन क्षेत्रों में विशेष अनुमति लेकर जाना पड़ता था, जिसको अब सरल बनाया जा रहा है। नए निर्देशों के अनुसार स्थानीय निवासी और प्रमाणित पर्यटक अब वैद्य पहचान पत्र दिखाकर इस स्थान पर जा सकते हैं। आईटीबीपी और सेना निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगी।
क्षेत्र की आर्थिकी को मिलेगा बढ़ावा
सीमा पर्यटन से क्षेत्र की आर्थिकी को बढ़ावा भी मिलेगा। क्षेत्र के लोग भी इससे उत्साहित हैं।
मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को सुबह आईटीबीपी हैलीपैड रिकांगपिओ से हैलीकॉप्टर में आएंगे। इसके बाद वह शरद वन उद्यान की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शिप्की-ला पहुंच कर ‘सीमा पर्यटन’ की शुरूआत करेंगे और स्थानीय लोगों को भी संबोधित करेंगे।