Bilaspur News: सावन की रिमझिम फुहारों के बीच मां नयना के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 06:10 PM (IST)
नयनादेवी (मुकेश): पवित्र श्रावण मास के चलते हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण यहां आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सावन की रिमझिम फुहारों और सुहावने मौसम के बीच लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता जी के दरबार में शीश नवाया और शुभ आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोपहर की आरती तक फ्लाईओवर के पार पहुंची कतारें
पवित्र श्रावण महीने के महत्व को देखते हुए हिमाचल सहित पंजाब, हरियाणा और अन्य पड़ोसी राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार पहुंचे। रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भीड़ का आलम यह था कि दोपहर की आरती के समय तक दर्शनों के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर के बाहर बने फ्लाईओवर को भी पार कर गईं।
सुरक्षा और दर्शन के लिए प्रशासन के पुख्ता इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए श्री नयना देवी मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहले से ही पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। मंदिर के अंदर और बाहर भीड़ को नियंत्रित करने का जिम्मा होमगार्ड जवानों और पूर्व सैनिकों ने बखूबी संभाला। सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने बिना किसी धक्का-मुक्की के कतारों में लगकर शांतिपूर्वक माता के दर्शन किए।
पंजाब की संस्थाओं ने पिलाई मीठे पानी की छबील
दर्शनों के लिए लंबी कतारों में लगे श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से राहत दिलाने के लिए समाजसेवी संस्थाओं ने भी अहम भूमिका निभाई। पंजाब से आई विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं द्वारा मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार और निकासी द्वार पर मीठे और ठंडे पानी की छबीलें लगाई गईं। इससे पैदल चलकर और लाइनों में लगकर आए हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

