बिलासपुर के लुहणू मैदान की बड़ी उपलब्धि, रणजी ट्रॉफी के बाद अब मिली BCCI के इस नैशनल टूर्नामैंट की मेजबानी

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 12:50 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): रणजी ट्रॉफी के सफल आयोजन के बाद बिलासपुर के ऐतिहासिक लुहणू क्रिकेट मैदान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब यह मैदान राष्ट्रीय स्तर के एक और प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामैंट की मेजबानी करने जा रहा है। आगामी 30 अक्टूबर से यहां भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अंडर-19 टी-20 महिला चैलेंजर ट्रॉफी का आगाज होगा।

देश भर की प्रतिभाएं 4 टीमों में दिखाएंगी अपना हुनर
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर से चयनित अंडर-19 वर्ग की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। बीसीसीआई द्वारा प्रतिभा शिविर के माध्यम से चुनी गई इन खिलाड़ियों को 4 टीमों (इंडिया-ए, इंडिया-बी, इंडिया-सी और इंडिया-डी) में बांटा गया है। बिलासपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि सभी टीमें 27 अक्तूबर तक बिलासपुर पहुंच जाएंगी। इसके बाद 28 और 29 अक्तूबर को खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहाएंगी और 30 अक्तूबर से टूर्नामैंट के आधिकारिक मुकाबले शुरू होंगे।

सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों को मिला श्रेय
शुक्रवार को लुहणू क्रिकेट मैदान में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विशाल जगोता ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के विशेष प्रयासों के फलस्वरूप ही बिलासपुर को रणजी ट्रॉफी के बाद अब अंडर-19 टी-20 महिला चैलेंजर ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। पत्रकार वार्ता के दौरान एसोसिएशन के आरके रघु, विजय सोनी और हर्ष मेहता सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

शानदार प्रदर्शन पर मिलेगा नकद ईनाम
टूर्नामैंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए नकद पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। विशाल जगोता ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने वाली खिलाड़ी को 15,000 रुपए दिए जाएंगे। वहीं, पूरे टूर्नामैंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने वाली खिलाड़ी को 75,000 रुपए की ईनामी राशि से नवाजा जाएगा।

ये रहेगा टूर्नामैंट का पूरा शैड्यूल
टूर्नामैंट के सभी मैच लुहणू क्रिकेट मैदान में खेले जाएंगे। 30 अक्तूबर को सुबह के सत्र में इंडिया-ए बनाम इंडिया-सी और दोपहर के सत्र में इंडिया-बी बनाम इंडिया-डी का मुकाबला होगा। 1 नवम्बर को सुबह के सत्र में इंडिया-बी बनाम इंडिया-सी और दोपहर के सत्र में इंडिया-ए बनाम इंडिया-डी का मुकाबला होगा। 3 नवम्बर को सुबह के सत्र में इंडिया-ए बनाम इंडिया-बी और दोपहर के सत्र में इंडिया-सी बनाम इंडिया-डी का मुकाबला होगा। 5 नवम्बर को सुबह के सत्र में अंक तालिका में अंतिम 2 स्थानों पर रहने वाली टीमों के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा और दोपहर के सत्र में पहले 2 स्थानों पर रहने वाली शीर्ष टीमों के बीच टूर्नामैंट का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News