Kullu: बोलैरो कैंपर की टक्कर से 3 वर्षीय मासूम की मौत, चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 09:34 PM (IST)
नग्गर: कुल्लू जिला के नशाला गांव में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे नशाला निवासी 3 वर्षीय ध्यान्बी सड़क किनारे जा रही थी कि इसी दौरान बोलैरो कैंपर (नंबर एचपी 34एफ-3597), जो जाना गांव की ओर से आ रही थी, कथित रूप से गलत दिशा में चलाते हुए चालक ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि दुर्घटना के आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 106, 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे नशाला क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है।

