Sirmaur: माता बालासुंदरी मंदिर में 11 अक्तूबर से शुरू होगा अश्विन नवरात्रि मेला, प्रशासन ने कसी कमर
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 06:30 PM (IST)
नाहन (आशु): उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शुमार श्री माता बालासुंदरी मंदिर (त्रिलोकपुर) में अश्विन नवरात्रि मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष यह मेला 11 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर मंगलवार को नाहन में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता डीसी सिरमौर एवं श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने की। बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रसाद और खान-पान की गुणवत्ता पर रहेगी पैनी नजर
डीसी प्रियंका वर्मा ने खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को सख्त निर्देश दिए हैं कि मेला अवधि के दौरान पर्याप्त संख्या में खाद्य निरीक्षक तैनात किए जाएं। मेला क्षेत्र में लगने वाले खान-पान सामग्री के स्टॉलों, फल व दुग्ध विक्रेताओं, तथा विशेष रूप से मिठाई एवं प्रसाद की गुणवत्ता की नियमित और निरंतर जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 24 घंटे अलर्ट रहेगा विभाग
मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में पर्याप्त स्टाफ के साथ एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन दवाइयों के साथ मेला क्षेत्र में 2 प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए जाएंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को त्रिलोकपुर स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आयुष विभाग को स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तय स्थानों पर ही लगेंगे भंडारे, मनमाना किराया वसूलने पर होगी कार्रवाई
डीसी ने प्रशासन और संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल आपूर्ति, वाहन पार्किंग और अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं को चाक-चौबंद करने को कहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह स्पष्ट किया गया है कि मेले के दौरान केवल प्रशासन द्वारा चयनित स्थानों पर ही भंडारों का आयोजन किया जा सकेगा। इसके अलावा, मेले के दौरान निजी वाहनों या बसों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की संभावित घटनाओं पर भी प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक का संचालन तहसीलदार नाहन एवं मंदिर अधिकारी माता बाला सुंदरी मंदिर (त्रिलोकपुर) उपेंद्र चौहान ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, एसडीएम नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास राजीव सांख्यान, बीडीओ नाहन राहुल धीमान, जिला आयुष अधिकारी डाॅ. जसप्रीत कौर सहित मंदिर न्यास के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

