Sirmour: माता बाला सुंदरी मंदिर में चौथे नवरात्रे पर चढ़ा 7.82 लाख रुपए चढ़ावा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 11:11 PM (IST)

कालाअम्ब (आशु): जिला सिरमौर के प्रसिद्ध श्री महामाया माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आश्विन शारदीय नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था लगातार देखने को मिल रही है। मेले के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर शीश नवाया। इस दौरान लगभग 11 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि नवरात्र मेले के चौथे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से कुल 7,82,760 रुपए का नकद चढ़ावा अर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त भक्तों ने माता के चरणों में 4 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना और 5,410 ग्राम चांदी भी चढ़ावे के रूप में अर्पित की। नकद राशि के साथ सोने और चांदी का चढ़ावा श्रद्धालुओं की माता के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है।

बता दें कि आश्विन शारदीय नवरात्र के अवसर पर त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहता है और भक्त माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मेले के चौथे दिन भी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ माता के दरबार में हाजिरी लगाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News