Sirmaur: स्वागत द्वार को लेकर भिड़े 2 गुट...जमकर हुआ पथराव, पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 10:21 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के वाल्मीकि चौक के समीप शुक्रवार को एक विवाद के चलते कानून-व्यवस्था की स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एक स्वागत द्वार लगाने को लेकर दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बड़ी झड़प में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों की ओर से हुए पथराव में पुलिसकर्मियों सहित कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

PunjabKesari

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि चौक के समीप एक स्वागत द्वार लगाने को लेकर यह सारा विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष क्षतिग्रस्त हुए एक द्वार को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहसबाजी हुई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और वहां पथराव शुरू हो गया। हालात को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करते समय सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह सहित कुछ अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके अलावा दोनों पक्षों के कई लोगों को भी चोटें आई हैं। घटनाक्रम के दौरान मौके पर खड़े कई वाहनों को भी नुक्सान पहुंचा है, जिनमें एक वाहन तहसीलदार का भी बताया जा रहा है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नाहन पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। डीएसपी शक्ति सिंह, सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह, एसडीएम नाहन और एएसपी ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। प्रशासन के साथ-साथ दोनों गुटों के कुछ प्रबुद्ध लोगों ने भी अपने स्तर पर लोगों को शांत करने और माहौल को सामान्य बनाने में मदद की।

PunjabKesari

4 घंटे तक रहा तनाव, हाईवे पर लगा जाम
इस घटना के बाद वाल्मीकि चौक और आसपास के क्षेत्र में करीब 4 घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस विवाद का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। नाहन से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर दोपहर के समय भारी जाम लग गया। शिमला और चंडीगढ़ की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से आम लोगों, यात्रियों और स्कूली बच्चों को कई घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति नियंत्रण में, पुलिस कर रही मामले की जांच
एएसपी सिरमौर नरेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से पुलिस के नियंत्रण में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और उसके आधार पर ही आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News